महाराजगंज: ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने ई-रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया

महाराजगंज, 13 मई। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज (सदर) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 318 के विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता श्री जय मंगल कन्नौजिया मंगलवार को ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देने के लिए अपनी निजी गाड़ी छोड़ ई-रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे। विधायक के इस कदम की क्षेत्र में व्यापक चर्चा रही और लोगों ने उनकी पहल की सराहना की।

ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने ई-रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया
ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने ई-रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया

जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की जनसमस्याओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए अधिकारियों से पारदर्शी एवं संवेदनशील कार्यशैली अपनाने की बात कही।

ऊर्जा संरक्षण का संदेश देने ई-रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया
ई-रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे विधायक जय मंगल कन्नौजिया

इस दौरान विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की चुनौती का सामना कर रही है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर भारत समेत कई देशों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनता से ऊर्जा संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील कर रहे हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं निजी वाहन का प्रयोग न कर ई-रिक्शा से यात्रा करने का निर्णय लिया, ताकि समाज को सकारात्मक संदेश दिया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें, सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दें तथा ईंधन की बचत करें। इससे जहां आर्थिक बचत होगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि देशहित में प्रत्येक नागरिक को ऊर्जा बचत अभियान से जुड़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

इस अवसर पर संजीव शुक्ला, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, शिवाकांत गुप्ता सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

 

रिपोर्टर जितेंद्र चौबे          लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज 

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *