शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख।

महराजगंज। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला परिषद गेट के पास मंगलवार सुबह एक कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग बुझने से पहले दुकान में रखा कपड़ों का स्टॉक और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पीड़ित दुकान मालिक के अनुसार, अग्निकांड में लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने के साथ घटना की जांच में जुटी है। नगर चौकी इंचार्ज अंकित सिंह ने भी बताया कि कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। दमकल की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

रिपोर्टर:-जितेंद्र चौबे         लाइव 24इंडिया न्यूज़ महाराजगंज 

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *