नई दिल्ली। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया।
हड़ताल स्थगित होने के बाद 28 से 30 सितंबर के दौरान संबंधित बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है। इससे महीने के अंत में होने वाले बैंकिंग लेनदेन और 30 सितंबर की छमाही क्लोजिंग से जुड़े काम प्रभावित होने से बचेंगे।

शनिवार की छुट्टी पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति
UFBU और IBA के बीच सहमति के तहत सभी शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित करने की मांग पर विचार के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के साथ संबंधित पक्षों से चर्चा करेगी और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
इन मांगों को लेकर प्रस्तावित थी हड़ताल
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पेंशन से जुड़े मुद्दों का समाधान, NPS के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प और पर्याप्त नई भर्ती जैसी मांगें शामिल थीं। PLI योजना में बदलाव को लेकर भी यूनियनों ने मुद्दा उठाया था।
30 सितंबर की छमाही क्लोजिंग को लेकर थी चिंता
प्रस्तावित हड़ताल ऐसे समय में थी जब 30 सितंबर को बैंकों की छमाही वित्तीय क्लोजिंग होती है। लगातार अवकाश और हड़ताल की स्थिति में चेक क्लीयरेंस, शाखा आधारित लेनदेन और अन्य बैंकिंग प्रक्रियाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। हड़ताल स्थगित होने से इस अवधि में बैंकिंग सेवाओं के संचालन को लेकर बनी अनिश्चितता फिलहाल दूर हो गई है।
यानी 28 से 30 सितंबर तक बैंक बंद रहने की प्रस्तावित स्थिति फिलहाल टल गई है और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर:- जितेंद्र चौबे लाइव 24 इंडिया न्यूज़ महाराजगंज
