खबर महराजगंज,
14 अप्रैल 2026 भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर एसपी ने डॉ. अंबेडकर के महान विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक समता, न्याय और अधिकारों की स्थापना में अतुलनीय योगदान दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को समानता, भाईचारे और कानून के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि बाबा साहेब के सिद्धांतों का अनुसरण कर एक सशक्त और समतामूलक समाज के निर्माण में योगदान दें।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन और कर्तव्यों में अपनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज
