लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा चयन प्रक्रिया की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2017 से मई 2026 तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसके साथ ही इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति प्रदान की गई है, जो प्रदेश पुलिस बल को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में प्रदेश पुलिस विभाग में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि योग्य एवं प्रतिभाशाली युवाओं को समय पर अवसर मिल सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया और भर्ती प्रक्रिया की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज
