लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में ऊर्जा विभाग, पावर कॉरपोरेशन एवं सभी डिस्कॉम अधिकारियों के साथ प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में बढ़ती बिजली मांग, ट्रांसमिशन नेटवर्क की स्थिति तथा उपभोक्ता सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन, किसान, व्यापारी और उद्योगों सहित प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली की मांग को देखते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विद्युत उत्पादन इकाइयां पूर्ण क्षमता से संचालित हों तथा उनकी सतत मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क को और अधिक मजबूत, आधुनिक एवं भरोसेमंद बनाने पर बल देते हुए फीडर वाइज मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने, फीडर बाधित होने अथवा शिकायत निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आमजन को बिजली आपूर्ति से जुड़ी सही एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि संवाद और पारदर्शिता के माध्यम से उपभोक्ताओं का विश्वास और मजबूत हो सके।

मुख्यमंत्री ने उपभोक्ता सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने पर जोर देते हुए ऊर्जा मंत्री एवं ऊर्जा राज्य मंत्री को हेल्पलाइन कॉल सेंटर का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में सुचारू एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुविधा, विश्वास और विकास की रोशनी पहुंचाने हेतु संकल्पबद्ध है।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज
