सिद्धार्थनगर, 14 सितंबर 2025 जनपद में चल रही ड्रोन व चोरी की अफवाहों के मद्देनज़र जनपदीय पुलिस ने अपने-अपने थानाक्षेत्रों में विशेष रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया।
जनपदीय पुलिस ने ग्रामीण जनता को कानून अपने हाथ में न लेने की सलाह दी है। यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो वे तुरंत अपने नजदीकी थाने या आपातकालीन नम्बर डायल 112 पर इसकी सूचना दें। अफवाहों पर ध्यान न देने की भी जनता को विशेष रूप से जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि अफवाह फैलाकर निर्दोष व्यक्तियों पर हमले करना एक गंभीर अपराध है। ग्रामीणों से अपेक्षा की गई है कि वे शांति एवं संयम बनाकर रखें और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें।
इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य केवल जन सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाये रखना है।
सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे संयमित रहें और सहयोग करें ताकि अफवाहों से उत्पन्न होने वाली सामाजिक अशांति को रोका जा सके।
