गोरखपुर, 16 मई 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जनपद गोरखपुर में अत्याधुनिक “गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम” (प्रथम चरण) के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित कर प्रदेश को खेल क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण, विकास परियोजनाओं और रोजगार सृजन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गोरखपुर में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम न केवल खेल प्रतिभाओं को नया मंच देगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति प्रदान करेगा।

महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्टेडियम प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने देश की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं खेल अवसंरचना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश खेल क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज
