महराजगंज। जनपद में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निचलौल तहसील स्थित ग्राम न्यायालय में तैनात पेशकार मानवेंद्र मिश्रा की मौत हो गई। बस स्टेशन के पास एक अनुबंधित बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार निवासी मानवेंद्र मिश्रा वर्तमान में महराजगंज शहर में मकान बनवाकर परिवार के साथ रह रहे थे। वह प्रतिदिन महराजगंज से निचलौल तहसील स्थित ग्राम न्यायालय में ड्यूटी के लिए आते-जाते थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वह बस स्टेशन पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अनुबंधित बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी गई। लोगों की मदद से घायल मानवेंद्र मिश्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य जिला अस्पताल पहुंच गए। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज
