महराजगंज, 17 अप्रैल 2026।
जनपद महराजगंज पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जब्त कुल 157.648 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया गया। इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 58 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यह कार्रवाई थाना सोनौली, बरगदवा और श्यामदेउरवा से जुड़े 21 अभियोगों में न्यायालय केआदेशानुसार की गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में चरस, गांजा और हेरोइन शामिल थे। मादक पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया नौतनवा स्थित मैसर्स ए.पी. बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से संपन्न कराई गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखा गया।
पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी निचलौल की उपस्थिति में गठित समिति की निगरानी में पारदर्शी ढंग से पूरी हुई। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव 24इंडिया न्यूज महाराजगंज
