महराजगंज के सिंदुरिया पंचायत भवन में गुरुवार को विशेष प्रशासनिक कैंप का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व अपर उपजिलाधिकारी विजय यादव ने किया। इस कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया। सुबह से ही पंचायत भवन में ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक जारी रही। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने मौके पर ही दस्तावेजों का सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए। इसके साथ ही जिन परिवारों का फैमिली रजिस्टर अपडेट नहीं था, उनका पंजीकरण भी किया गया। कैंप के दौरान कुल 12 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 5 लोगों की फैमिली आईडी तैयार की गई। इसके अलावा 25 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी कराई गई।

अपर एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि फार्मर रजिस्ट्री की ग्रीन और अंबर सूची में कुल 222 किसानों के नाम शामिल हैं, जिनमें से अब तक 150 का पंजीकरण पूरा हो चुका है। शेष किसानों का पंजीकरण भी जल्द कराया जाएगा, ताकि वे सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जिनका अभी तक आयुष्मान कार्ड या अन्य जरूरी पंजीकरण नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी कराएं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंप लगने से उन्हें ब्लॉक या तहसील कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है।
कैंप में व्यवस्थाएं सुचारू रखने के लिए कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इस दौरान कृषि उपायुक्त संजीव कुमार, सचिव सत्यम चौधरी, रामाज्ञा यादव, लेखपाल दुर्गेश चौधरी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
