नगर पंचायत बढ़नी बाजार में अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई तीन अधिकारियों कर्मियों को नोटिस

सिद्धार्थनगर:

नगर पंचायत बढ़नी बाजार में कार्यों में लापरवाही और संभावित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन अलग-अलग नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने विकास कार्यों की प्रगति टेंडर प्रक्रिया तथा वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े मामलों पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जारी नोटिस के अनुसार अधिशासी अधिकारी से पिछले महीनों में जारी किए गए जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों का पूरा विवरण उनकी जांच प्रक्रिया तथा संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही नगर क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की स्थिति ठेकेदारों को दिए गए निर्देश तथा कार्य समय सीमा के संबंध में भी जानकारी मांगी गई है। प्रशासन ने यह भी पूछा है कि अधूरे कार्यों की सूचना शासन को भेजी गई या नहीं।

एक अन्य नोटिस में हरजी टेंडर्स के माध्यम से कराए जा रहे गौशाला निर्माण कार्य और उसमें लगे एफ डी आर की सत्यता पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि एफ डी आर फर्जी होने की पुष्टि होने के बावजूद टेंडर में 10 प्रतिशत सिक्योरिटी लेने की बात सामने आई है। इस मामले में की गई कार्रवाई का विवरण भी मांगा गया है।

वहीं मुंबई इंटेलीजेंस केयरवेल सर्विस के माध्यम से तैनात आउटसोर्स कर्मचारी पवन कुमार त्रिपाठी से पिछले छह महीनों में बनाए गए जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों की संख्या और लंबित मामलों की जानकारी देने को कहा गया है। विशेष सूत्रों के हवाले से प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर धन उगाही की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है।

प्रशासन ने सभी संबंधितों को तीन कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर वेतन रोकने सहित विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

नगर पंचायत की इस कार्रवाई को पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है जिससे स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर : अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *