फोन पर कहासुनी के बाद महिला ने लाठी से की हत्या पुलिस ने किया खुलासा

सिद्धार्थनगर 10 फरवरी 2026 :

जनपद के थाना त्रिलोकपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को उदयराज चौरसिया निवासी उज्जैनिया ने थाना त्रिलोकपुर में तहरीर देकर बताया कि उनका छोटा भाई बृजभान 25 जनवरी की शाम करीब 4 बजे सामान लेने गया था लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह खोजबीन के दौरान गांव के पूर्व स्थित खेत के पास उसका शव मिला। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद व क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में त्रिलोकपुर पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए अभियुक्ता इन्द्रावती पत्नी रामचन्दर निवासी उज्जैनिया को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 25 जनवरी की शाम फोन पर बृजभान और इन्द्रावती के बीच कहासुनी व गाली गलौज हुई थी। उसी शाम खेत के पास दोनों आमने-सामने हो गए जहां विवाद बढ़ने पर इन्द्रावती ने अपने हाथ में लिए सूखे बांस के डंडे से बृजभान के सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने अभियुक्ता के घर से हत्या में प्रयुक्त सूखा बांस का डंडा बरामद कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्ता को न्यायालय भेज दिया गया है।

गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय उपनिरीक्षक शिवाकान्त राय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थ नगर

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *