सिद्धार्थनगर 18 जनवरी 2026 :
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2025 के अंतर्गत तहसील नौगढ़ के बूथ संख्या 319 बुद्ध विद्यापीठ डिग्री कॉलेज नौगढ़ का जिलाधिकारी श्री शिव शरणप्पा जी.एन. द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ अनुपस्थित पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी अर्ह मतदाताओं का नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़ा जाए। साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं को शामिल करने के लिए आवश्यक प्रपत्रों के साथ तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची से संबंधित कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने आम नागरिकों को यह भी जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता सूची में नाम जोड़ा या संशोधित कराया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : अर्जुन अग्रहरि Live 24 India News सिद्धार्थनगर
