सिद्धार्थनगर :
पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देशों के क्रम में रविवार को पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद ने की जिसमें जनपद के समस्त थानों से आए डिजिटल वॉरियर्स शामिल हुए।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य डिजिटल वॉरियर्स को साइबर अपराधों सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं फेक न्यूज और अफवाहों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाना रहा।
अपर पुलिस अधीक्षक ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बन चुका है। सोशल मीडिया के दुरुपयोग से न केवल सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है बल्कि आम लोगों को आर्थिक और मानसिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। ऐसे में डिजिटल वॉरियर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने डिजिटल वॉरियर्स से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर जागरूकता फैलाने फेक न्यूज की पहचान करने, तथा बिना सत्यापन किसी भी सूचना को साझा न करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की बात कही।
गोष्ठी में गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित Cyber Dost अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ट्विटर फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के आधिकारिक अकाउंट्स तथा उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक अकाउंट @UP Police के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर आईपीएस विश्वजीत सौरयान प्रतिसार निरीक्षक बी.एन. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे। गोष्ठी में उपस्थित डिजिटल वॉरियर्स को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
रिपोर्ट : अर्जुन अग्रहरि Live 24 India News सिद्धार्थनगर
