सिद्धार्थनगर 10 जनवरी 2026 :
जिलाधिकारी श्री शिव शरणप्पा जी.एन. द्वारा शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उसका बाजार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त कमियों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीकरण कक्ष पूछताछ केन्द्र, दवा वितरण कक्ष एवं औषधि भंडार कक्ष का जायजा लिया। बताया गया कि आज ओपीडी में 68 मरीज तथा पैथोलॉजी विभाग में 8 मरीजों का पंजीकरण हुआ था।
निरीक्षण के समय वैक्सीन फ्रीज बंद पाया गया जिसे जिलाधिकारी ने गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ी नाराज़गी जताई। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान एमओआईसी अनुपस्थित पाए गए जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जन औषधि केन्द्र पर दवा वितरण लगभग ठप पाया गया, जहां केवल 2 मरीजों को ही दवा वितरित की गई थी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र 24 घंटे पूर्ण रूप से संचालित रहना चाहिए और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु एवं प्रभावी बनाया जाए।
रिपोर्टर : अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
