ग्राम चौपाल में पहुंचे जिलाधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान

सिद्धार्थ नगर 9 जनवरी 2026 :

जिलाधिकारी श्री शिव शरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में विकास खण्ड शोहरतगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत एकडेंगा भावपुर में ग्राम चौपाल  गांव की समस्या गांव में समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं जिससे उन्हें ₹5 लाख तक का निःशुल्क इलाज मिल सके। साथ ही किसानों की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसान सम्मान निधि कृषक दुर्घटना बीमा योजना से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि वृद्धा विधवा या दिव्यांग पेंशन से संबंधित कोई समस्या हो तो मौके पर मौजूद ब्लॉक कर्मियों को जानकारी दें ताकि तत्काल समाधान हो सके। महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सरकार प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है।

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराकर बिजली बिल में छूट का लाभ उठाने राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वरासत भूमि विवाद व पैमाइश से जुड़े मामलों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जन्म आय जाति एवं निवास प्रमाण पत्र समय सीमा में जारी करने तथा आपदा राहत योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने सभी ग्रामीणों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम भी विधिवत संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्र पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी जिला विकास अधिकारी डीसी मनरेगा संदीप सिंह डीसी एनआरएलएम देवनन्दन दूबे उप कृषि निदेशक राजेश कुमार जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह खंड विकास अधिकारी लोटन चन्द्रभूषण तिवारी सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर 

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *