वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के नेतृत्व में राजकीय उद्यान एवं बुद्धा पार्क में चला स्वच्छता अभियान

नव वर्ष के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए जाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन गोरखपुर द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में दिनांक 4 जनवरी 2026 को जनपद सिद्धार्थनगर में प्लास्टिक निस्तारण एवं स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।

इस अभियान का नेतृत्व डॉ. अभिषेक महाजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर द्वारा किया गया। उनके साथ प्रशान्त कुमार प्रसाद अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत सौरयान क्षेत्राधिकारी सदर पुलिस अधिकारी कर्मचारी रिक्रूट आरक्षी तथा नगर पालिका के कर्मचारीगण की संयुक्त टीम ने थाना सिद्धार्थनगर स्थित राजकीय उद्यान एवं बुद्धा पार्क में व्यापक सफाई अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर पार्क परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक कचरे पॉलीथीन एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण किया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल राजकीय उद्यान एवं बुद्धा पार्क को स्वच्छ बनाना था बल्कि आमजन को स्वच्छता पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के प्रति जागरूक करना भी रहा। स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर ने अभियान में शामिल सभी पुलिसकर्मियों की सराहना की तथा कहा कि ऐसे अभियानों से पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की भावना और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहता है बल्कि आने वाले नागरिकों एवं पर्यटकों को भी बेहतर सुविधा मिलती है।

इस स्वच्छता अभियान में सैकड़ों पुलिसकर्मियों एवं रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना सिद्धार्थनगर मय पुलिस बल प्रतिसार निरीक्षक जनपद सिद्धार्थनगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर 

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *