सुशासन सप्ताह के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला सम्पन्न

सिद्धार्थनगर 23 दिसम्बर 2025

भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर दिनांक 19 दिसम्बर से 25 दिसम्बर 2025 तक आयोजित सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि पूर्व जिलाधिकारी सेवा निवृत्त आईएएस श्री नरेन्द्र शंकर पाण्डेय जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त आईएएस श्री नरेन्द्र शंकर पाण्डेय का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र शंकर पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सुशासन सप्ताह का आयोजन 19 से 25 दिसम्बर 2025 तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोक सेवकों का कर्तव्य है कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अटल जी के आत्मविश्वास दृढ़ इच्छाशक्ति एवं सरल व्यक्तित्व से सभी लोक सेवकों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने मातृभाषा पर गर्व करने तथा प्रशासन में सहजता ईमानदारी और आत्मविश्वास को आवश्यक बताया।

उन्होंने जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे ऊर्जावान कर्मठ एवं जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित अधिकारी हैं। उन्होंने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत जनपद की प्रगति रिपोर्ट की भी सराहना की।

जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में शिकायत निस्तारण प्रणाली मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आईजीआरएस जनसुनवाई ग्राम चौपाल व्हाट्सएप के माध्यम से त्वरित निस्तारण पेंशन आवास योजनाएं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को चौपाल लगाकर गांव में ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। साथ ही जनपद को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह ने बताया कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत ब्लॉक से लेकर जनपद स्तर तक सभी विभागों द्वारा संकल्प लेकर कार्य किया गया। लंबित शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा अधूरे कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण कराया गया। उन्होंने कहा कि निःशुल्क राशन वितरण, शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों में छात्रों एवं शिक्षकों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त आईएएस श्री नरेन्द्र शंकर पाण्डेय को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डीएफओ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया अपर जिलाधिकारी वि/रा गौरव श्रीवास्तव अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञानप्रकाश पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी डीडीओ सतीश सिंह डीसी मनरेगा संदीप सिंह वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेन्द्र कुमार मौर्य जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी खंड विकास अधिकारी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

📍 रिपोर्टर अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *