सिद्धार्थनगर 22 दिसम्बर 2025:
सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन जनपद स्तर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्धार्थनगर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आयुक्त बस्ती मंडल श्री अखिलेश सिंह, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल तथा नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम स्थल पर एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के बच्चों ने बैण्ड बाजे के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उसका बाजार की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं शिव तांडव स्तुति जबकि केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर के बच्चों द्वारा योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। मुख्य अतिथि आयुक्त बस्ती मंडल श्री अखिलेश सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर सांसद खेल महोत्सव का शुभारम्भ घोषित किया गया तथा गुब्बारे उड़ाए गए। इसके बाद मार्चपास्ट की सलामी ली गई। मशाल प्रज्ज्वलन कर राज्य स्तरीय खो खो चैम्पियन खिलाड़ी द्वारा मैदान की परिक्रमा की गई। व्यायाम शिक्षिका सीमा मिश्रा ने खिलाड़ियों को क्रीड़ा शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि श्री अखिलेश सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर संसाधन उपलब्ध करा रही है। सांसद खेल महोत्सव के लिए सांसद द्वारा 10 लाख रुपये का फंड खेल विकास हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है।
सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन विगत 5 वर्षों से किया जा रहा है। ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर चयनित खिलाड़ी जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास बढ़ता है।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है और प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन एवं नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द माधव ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बेहतर प्रस्तुति देने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात खो-खो बालिका वर्ग एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारम्भ कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार जिला युवा कल्याण अधिकारी विनय कुमार राव जनप्रतिनिधि व्यायाम शिक्षक कोच एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
📍रिपोर्टर अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
