मा• उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग श्रीमती चारू चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जनसुनवाई के दौरान राजस्व विभाग एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित कुल 5 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किए गए।
मा• उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का दोनों पक्षों को सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। महिला उत्पीड़न मामलों में पुलिस की शिथिलता पर कड़ी नाराजगी जताते हुए महिला थाना प्रभारी एवं संबंधित थानाध्यक्षों को नियमानुसार त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए तथा एक सप्ताह के भीतर निस्तारण रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में समाज कल्याण महिला कल्याण दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कैंप लगाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति बच्चों की नियमित पढ़ाई, साफ सफाई शौचालय व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। बाल कल्याण समिति को बाल विवाह रोकथाम हेतु प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके पश्चात मा• उपाध्यक्ष द्वारा प्राथमिक विद्यालय उसका बाजार का औचक निरीक्षण किया गया, जहां शौचालय में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्र उसका बाजार में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा कुपोषित बच्चों की निगरानी के निर्देश दिए गए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में बालिकाओं से संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में मा• उपाध्यक्ष द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। ओपीडी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई जबकि साफ सफाई निःशुल्क दवाएं एवं जांच की उपलब्धता तथा डॉक्टरों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार नौगढ़ जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह महिला थानाध्यक्ष भाग्यवती पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – अर्जुन अग्रहरी लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
