सिद्धार्थनगर: विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत स्थित श्रीराम जानकी मंदिर सिरवत में आयोजित श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ भक्ति श्रद्धा और आस्था के वातावरण में निरंतर जारी है। दिनांक 16 दिसम्बर 2025 को आयोजित श्रीराम कथा कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
इस अवसर पर श्याम जायसवाल विशेष रूप से मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया तथा कथा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ श्रीराम कथा का श्रवण किया। उनकी उपस्थिति से आयोजन को और अधिक गरिमा प्राप्त हुई।
कथा वाचन के दौरान पूज्य कथा वाचिका अन्नपूर्णा जी द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों और सामाजिक मूल्यों का भावपूर्ण वर्णन किया गया जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पर जय श्रीराम के उद्घोष और भजनों से संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर रहा।
महायज्ञ के अंतर्गत आयोजित भव्य झांकी कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। श्रीराम जन्म वनवास सीता स्वयंवर हनुमान जी की लंका यात्रा जैसे प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सजीव पात्रों आकर्षक वेशभूषा और धार्मिक संगीत के साथ प्रस्तुत झांकियों ने श्रद्धालुओं की आस्था को और प्रगाढ़ किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना संस्कार और आपसी सद्भाव को बल मिलता है। वहीं यज्ञ संयोजक पं. सोमनाथ शास्त्री ने कहा कि श्रीराम कथा से जीवन में मर्यादा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में प्रसून शुक्ला शशि कुमार शुक्ला डॉ. दिनेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रीराम कथा ज्ञान महायज्ञ आगामी तिथियों तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा।
रिपोर्ट – अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
