सिद्धार्थनगर 16 दिसम्बर 2025 :
जनपद सिद्धार्थनगर में रबी फसल की सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री शिव शरणप्पा जीएन द्वारा ड्रेनेज खण्ड के अंतर्गत संचालित नहरों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान चिल्हिया रजवाहा धुसुरी माइनर कटया माइनर एवं भावपुर माइनर में कराए गए सिल्ट सफाई एवं स्क्रैपिंग कार्य की प्रगति का अवलोकन किया गया जो संतोषजनक पाई गई। इसके अतिरिक्त जमींदारी नहर प्रणाली के अंतर्गत बजहा सागर एवं मझौली सागर का भी जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अभियंताओं को निर्देशित किया कि रबी फसल की सिंचाई हेतु निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों में समयबद्ध एवं निर्बाध जल प्रवाह सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खण्ड श्री कृपा शंकर भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
