सिद्धार्थनगर शोहरतगढ़ :
विजयदशमी के पावन अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ का माहौल पूरी तरह धार्मिक उत्साह और परम्परा से सराबोर रहा। कस्बे की ऐतिहासिक परम्परा के अनुरूप हजारों युवा और स्थानीय लोग राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित शस्त्र पूजन अनुष्ठान में शामिल हुए। युवाओं के हाथों में तलवार फरसा भुजाली और विभिन्न प्रकार के पारम्परिक शस्त्र थे। इस दौरान पूरा नगर जय श्रीराम और जय मां भवानी के गगनभेदी नारों से गुंजायमान रहा।
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार शोहरतगढ़ में शस्त्र पूजन की परम्परा लगभग वषों पुरानी है जिसकी शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने की थी। तभी से विजयदशमी के दिन यह आयोजन निरंतर होता आ रहा है।
इस वर्ष भी आयोजन की शुरुआत विभाग प्रचारक राजीव नयन के बौद्धिक सम्बोधन से हुई। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच शस्त्रों की विधिवत पूजा सम्पन्न करायी गई। पूजन उपरान्त दुर्गा समिति अध्यक्ष सतीश मित्तल के नेतृत्व में विशाल जुलूस निकाला गया जो नगर की प्रमुख सड़कों गड़ाकूल तिराहा थाना परिसर स्टेशन रोड नगर पंचायत कार्यालय गोलघर भारत माता चौक और पुरानी तहसील से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में सम्पन्न हुआ।
जुलूस में हजारों युवाओं ने पारम्परिक परिधान और हाथों में शस्त्र लेकर भागीदारी की। महिलाएं व बच्चे घरों की छतों और दुकानों से श्रद्धा के साथ दृश्य देख रहे थे।
भीड़ और जुलूस की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी प्रवीन प्रकाश ने बताया कि पुलिस लाइन से रिजर्व फोर्स मंगाया गया था। पूरे नगर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर पैदल और वाहनों से निगरानी की गई। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर विभाग प्रचारक राजीव नयन जिला प्रचारक विशाल सांसद प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश पाण्डेय अभिषेक पाल विधायक विनय वर्मा चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल सतीश मित्तल रामसेवक गुप्ता अखिलेश वर्मा सौरभ गुप्ता शिवशक्ति शर्मा रमेश कसौधन श्याम जायसवाल सत्यम अग्रहरि भोले शंकर अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व सामाजिक-धार्मिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
