सिद्धार्थनगर, 18 सितम्बर :
दीपावली पर्व नजदीक आते ही जनपद प्रशासन और पुलिस ने पटाखों की दुकानों पर निगरानी कड़ी कर दी है। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी पवीन प्रकाश और उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र शोहरतगढ़ के साथ थाना चिल्हिया और शोहरतगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में रखे पटाखों के भंडार और उनकी विस्फोटक क्षमता की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान दुकानों में आग बुझाने के उपकरण रेत पानी की व्यवस्था तथा अग्निशमन यंत्र भी चेक किए गए।
अधिकारियों ने दुकानदारों को हिदायत दी कि पटाखों का भंडार निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में की गई।
