कठेला समय माता थाना क्षेत्र में बच्चों और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर थाना कठेला पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक और अध्यापक उपस्थित रहे।
गोष्ठी में बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक सुरक्षा से संबंधित जागरूकता और विद्यालयों में सुरक्षा संबंधित शिकायतों के सही प्रबंधन पर चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी जरूरी कदम उठाएं और किसी भी अनियमित घटना की तुरंत रिपोर्ट करें।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए विद्यालय प्रशासन, अभिभावक और पुलिस के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए अपने सुझाव साझा किए और भविष्य में स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
