सिद्धार्थ नगर:
जिले में किसानों को समय पर और सही मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सख्त रुख अपनाते हुए खाद एवं बीज विक्रेताओं पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। अचानक किए गए निरीक्षण में कई दुकानों में भारी अनियमितताएं पाई गईं जिसके चलते पांच दुकानों को सील कर दिया गया और चार दुकानदारों के खिला एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडार में भारी अंतर है।
ओमकार ट्रेडर्स: रजिस्टर में 1588 बोरी उपलब्ध केवल 33 बोरी।
जायसवाल खाद भंडार: रजिस्टर 701 बोरी मिला मात्र 411 बोरी।
कृष्ण मुरारी खाद भंडार: रजिस्टर 712 बोरी उपलब्ध केवल 151 बोरी।
इसी तरह मंगलवार को कोटवाली चौराहा स्थित कृष्णा खाद भंडार सहित दो अन्य दुकानों को भी बंद मिलने पर सील कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ विक्रेता नेपाल तक खाद बेच रहे थे।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसानों का हक छीनने वालों पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और कार्रवाई का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे जिले में स्टॉक और बिक्री की नियमित जांच की जाए ताकि काला बाज़ारी और कृत्रिम कमी पर रोक लग सके।
किसानों में संतोष
इस कार्रवाई से किसानों में राहत की भावना देखी जा रही है। उनका कहना है कि इससे समय पर खाद मिल सकेगी और फसल की बुवाई में दिक्कत नहीं आएगी।
