सिद्धार्थनगर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा रैली

सिद्धार्थनगर 11 अगस्त 2025:आगामी 79 वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज जनपद में देशभक्ति से सराबोर एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व में निकली यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर उत्साह और उमंग के साथ पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में संपन्न हुई।

रैली में जिलाधिकारी कार्यालय के अधिकारी कर्मचारी अपर पुलिस अधीक्षक क्षेत्राधिकारी थानाध्यक्ष एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान हाथों में लहराता तिरंगा लिए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा जिससे वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से ओत प्रोत हो गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं बल्कि हमारे भीतर देश के प्रति गर्व और एकता की भावना जगाने का एक संकल्प है। उन्होंने जनपदवासियों से 15 अगस्त को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस जन आंदोलन का हिस्सा बनने की अपील की।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने भी सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और कहा कि यह रैली हमारे देश की गौरवशाली संस्कृति और आज़ादी के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि है।

रैली के दौरान मार्ग पर खड़े लोगों ने तिरंगे के सम्मान में तालियां बजाकर और नारे लगाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन जनपद में राष्ट्रप्रेम एकता और भाईचारे का संदेश देने में सफल रहा।

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *