गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों से उनकी शिकायतों और समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं फरियादें
जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने लोगों की बात गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।