नई दिल्ली। देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के बीच सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से खुले रहेंगे। बैंकिंग सेवाएं सुचारु रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना वापस लेने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, आरबीआई ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, संबंधित कार्यालयों, एटीएम से जुड़े केंद्रों और करेंसी चेस्ट को खोलने की अनुमति दी है। वहीं, सुलह बैठक में सहमति नहीं बनने के बाद यूनियनों ने प्रस्तावित हड़ताल जारी रखने की बात कही है।
