सिद्धार्थनगर : जनपद में एसओजी और थाना शोहरतगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों को 7 मार्च को प्लाइवुड तिराहे से गिरफ्तार कर थाना शोहरतगढ़ लाया गया था। 8 मार्च की सुबह करीब 6:30 बजे दोनों आरोपियों ने पेट दर्द का बहाना बनाकर संतरी से लॉकअप का ताला खुलवाया और रायफल छीनने की कोशिश करते हुए धक्का-मुक्की कर फरार होने का प्रयास किया। संतरी और हेड मोहर्रिर ने तत्काल उनका पीछा करते हुए घटना की सूचना अधिकारियों को दी।सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना शोहरतगढ़ पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय हो गई और क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते फरार हुए दोनों अभियुक्तों को करीब दो घंटे के भीतर चौधरी मैरिज लॉन के पीछे से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अतुल उर्फ इन्द्र कपूर उर्फ इन्द्रजीत उर्फ साका पुत्र बलिराम और मो. रकीब उर्फ झीनक पुत्र ढोला उर्फ सरदार हुसैन निवासी नीबी दोहनी थाना शोहरतगढ़ जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना शोहरतगढ़ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों पर चोरी शस्त्र अधिनियम एनडीपीएस और अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
