नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश में पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज है। इस बीच, कांग्रेस के एक विवादित पोस्टर, जिसमें पीएम मोदी का सिर गायब दिखाया गया, ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया। पोस्टर पर ‘गायब’ लिखा था, जिसे सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद हटा लिया गया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे कांग्रेस की ‘पाकिस्तान समर्थक’ मानसिकता करार देते हुए तीखा हमला बोला।
‘स्वाभिमान से खिलवाड़’
पात्रा ने कहा, “पहलगाम हमले के बाद कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हुआ। यह पोस्टर घृणित और सोचा-समझा था। पीएम मोदी पूरे भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, उनके सिर को गायब दिखाकर कांग्रेस ने देश के स्वाभिमान और सेना के मनोबल से खिलवाड़ किया।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पाकिस्तान को बचाने और क्लीन चिट देने की कोशिश कर रही है, जबकि वैश्विक समुदाय भारत के साथ खड़ा है।
‘पूरा कश्मीर हमारा’
पात्रा ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, “सैफुद्दीन सोज सिंधु जल संधि को पाकिस्तान की लाइफलाइन बता रहे हैं। मणिशंकर अय्यर पहलगाम हमले को बंटवारे का परिणाम कहते हैं। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष बातचीत की वकालत कर रहे हैं। पूरा कश्मीर और पीओके हमारा है, लेकिन कांग्रेस को इस पर संशय है।”
‘रावलपिंडी गठबंधन’
पात्रा ने कांग्रेस के ‘गायब’ पोस्टर को ‘रावलपिंडी गठबंधन’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा, “यह INDI गठबंधन नहीं, रावलपिंडी गठबंधन है। राहुल गांधी और कांग्रेस नेता पाकिस्तानी मीडिया के हीरो हैं। वह दिन दूर नहीं जब ये लोग पाकिस्तान में चुनाव लड़ेंगे।” यह बयान पहलगाम हमले के बाद भारत-पाक तनाव के बीच कांग्रेस की स्थिति पर सवाल उठाता है।
इसे भी पढ़ेंः कांग्रेस ने राहुल की यात्रा को पहलगाम हमले से जोड़ने पर भाजपा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की
