सिद्धार्थनगर 17 जनवरी 2026 :
शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के तहत तहसील इटवा में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री शिव शरणप्पा जी.एन. ने की जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
तहसील इटवा में आयोजित समाधान दिवस के दौरान राजस्व विकास शिक्षा पूर्ति विद्युत लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल द्वारा की गई जबकि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने की।
जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया और आवश्यकतानुसार जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तहसील समाधान दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता और विपक्षी दोनों की उपस्थिति में निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपालों को भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग का कोई भी प्रकरण लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के दौरान कुल 52 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें राजस्व से 22, पुलिस से 9 विकास से 6 विद्युत से 5 लोक निर्माण विभाग से 2 तथा अन्य विभागों से 8 शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी द्वारा राजस्व विभाग के 7 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर शत प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया उप कृषि निदेशक राजेश कुमार जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह तहसीलदार इटवा तहसील क्षेत्र के समस्त थानाध्यक्ष खण्ड विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
