सिद्धार्थनगर इटवा: इटवा थाना पुलिस व जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में सोने चांदी के जेवरात एक देशी तमंचा दो जिंदा कारतूस 12500 नकद चोरी की मोटरसाइकिल व अन्य सामान बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार व क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक इटवा और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में शामिल एक व्यक्ति चोरी की मंशा से मोटरसाइकिल से जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम भुतहवा तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश लोध 38 वर्ष पुत्र राजदेव निवासी कठही थाना जोगिया उदयपुर जनपद सिद्धार्थनगर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 12 बोर का देशी तमंचा दो जिंदा कारतूस सोने चांदी के जेवरात 12500 नकद तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना इटवा में अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से क्षेत्र में हुई पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है जिनमें सिद्धार्थनगर के विभिन्न थानों के साथ गोरखपुर जनपद का भी एक मामला शामिल है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी सोने का झाला एक जोड़ी पायल छह जोड़ी बिछिया कटोरा गिलास डीवीआर ताला तोड़ने के उपकरण व लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक नारायणलाल श्रीवास्तव समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्टर अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
