सिद्धार्थनगर 14 दिसंबर 2025 ओवररेटिंग व अनियमितताओं पर डीएम की बड़ी कार्रवाई दो खाद दुकानों के लाइसेंस निरस्त

जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर श्री शिव शरणप्पा जी.एन. द्वारा रविवार को काज़ी रूधौली स्थित मिश्रा बिल्डिंग मैटेरियल एवं शुक्ला सीमेंट खाद विक्रेता का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उर्वरक के भौतिक स्टॉक की जांच की तथा वितरण रजिस्टर का गहन अवलोकन किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से दूरभाष पर वार्ता भी की, जिसमें किसानों द्वारा उर्वरक की ओवररेटिंग की शिकायत सामने आई।

जांच में यह भी पाया गया कि वितरण रजिस्टर में किसानों के गलत मोबाइल नंबर दर्ज किए गए थे तथा किसानों द्वारा खरीदे गए उर्वरक की मात्रा से अधिक संख्या रजिस्टर में अंकित की गई थी। इन गंभीर अनियमितताओं पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए दोनों दुकानों का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त करने एवं दुकानों को सील करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी मु. मुज्जामिल द्वारा मौके पर ही दोनों खाद विक्रेता प्रतिष्ठानों को सील करा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी और कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रिपोर्टर – अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर 

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *