सिद्धार्थनगर: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर धनंजय टिंगल ने गुरुवार को जनपद में बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी की स्थिति की समीक्षा की। रेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी मुख्य विकास अधिकारी पुलिस अधीक्षक सहायक श्रम आयुक्त एएचटीयू एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में स्पेशल मॉनिटर ने कहा कि बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी.एन. ने बताया कि श्रम विभाग पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा समय-समय पर छापेमारी अभियान चलाया जाता है। ईंट-भट्ठों निर्माण स्थलों और अन्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है तथा बाल श्रम मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई कर बच्चों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाती है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने कहा कि बंधुआ श्रम की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी किसी भी सूचना को प्रशासन तक अवश्य पहुंचाएं। सहायक श्रम आयुक्त सचिन कुमार सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर बाल श्रम निषेध कानून एवं बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम की जानकारी दी जा रही है। श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।बैठक में विभागीय समन्वय मजबूत करने प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा बीडीओ एसडीएम तहसीलदार नायब तहसीलदार एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। एनजीओ प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास और उन्हें योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें ताकि वे पुनः श्रम की ओर न लौटें।
बैठक के अंत में स्पेशल मॉनिटर ने बाल श्रम से मुक्त कराए गए तीन बच्चों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह श्रम प्रवर्तन अधिकारी उज्ज्वल त्रिपाठी क्षेत्राधिकारी विश्वजीत शौरयान सहित अन्य अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
