जनपद सिद्धार्थनगर दिनांक 21 अक्टूबर 2025 :
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रिज़र्व पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में भावनात्मक दृश्य देखने को मिला जब पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के नेतृत्व में समस्त अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने देश की सुरक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। इस दौरान श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के साथ अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सोरयान क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी प्रतिसार निरीक्षक भूतनाथ गुप्ता सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों की याद में मौन धारण से हुई। पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि कर्तव्य की राह पर चलने वाले पुलिसकर्मी केवल अपने विभाग के नहीं बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के गौरव होते हैं। उन्होंने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ के संदेश को उपस्थित पुलिसकर्मियों को सुनाते हुए बीते एक वर्ष में शहीद हुए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की वीरता का स्मरण कराया।
ज्ञातव्य है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों द्वारा सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर किए गए हमले में दस जवान शहीद हुए थे। उसी शौर्य और बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह दिवस पुलिस स्मृति दिवस के रूप में देशभर में मनाया जाता है।
समारोह के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण की शपथ ली और अमर शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को प्रेरणा स्रोत बताया।
उद्धरण:
“इतनी सी बात हवाओं को बताए रखना,
रोशनी होगी चिरागों को जलाए रखना,
लहू देकर की है जिसकी हिफाजत हमने,
ऐसे तिरंगे को हमेशा दिल में बसाए रखना।”
