सिद्धार्थनगर 24 फरवरी 2026: जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय सोन खर विकास खंड बांसी एवं मॉडल प्राइमरी स्कूल सूपा राजा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से पाठ पढ़वाया, जिसमें कुछ बच्चे संतोषजनक रूप से पढ़ पाए जबकि कुछ छात्र अपेक्षित स्तर पर नहीं पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय सोन खर की प्रधानाध्यापक गीता वर्मा से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने पी टी एम रजिस्टर निपुण तालिका शिक्षक डायरी साप्ताहिक आकलन ट्रैकर तथा मिड डे मील रजिस्टर का निरीक्षण कर अभिलेखों की समीक्षा की।
मॉडल प्राइमरी स्कूल सूपा राजा में प्रधानाध्यापक जया साहनी के हस्ताक्षर रजिस्टर में दर्ज थे लेकिन वे निरीक्षण के समय विद्यालय में उपस्थित नहीं मिलीं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अनुशासन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है तथा लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
