मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बांसी में 321 जोड़ों का हुआ विवाह

सिद्धार्थनगर 22 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत राजा रतन सेन डिग्री कॉलेज बांसी परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल विधायक बांसी जय प्रताप सिंह विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कुल 384 पंजीकृत जोड़ों में से 321 जोड़े समारोह में शामिल हुए जिनमें 229 हिंदू 65 बौद्ध और 27 मुस्लिम समुदाय के जोड़े शामिल रहे। सभी का विवाह उनके-उनके धार्मिक रीति रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।

मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता दूर कर रही है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक जय प्रताप सिंह एवं विनय वर्मा ने भी योजना को गरीब हितैषी बताते हुए नवयुगलों को शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने बताया कि प्रत्येक वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से ₹60000 की धनराशि हस्तांतरित की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग ₹25000 मूल्य के गृह उपयोगी सामान तथा ₹15000 बारात स्वागत पर व्यय किए गए। नवदंपतियों को वस्त्र बर्तन ट्रॉली बैग सीलिंग फैन कूलर चांदी के आभूषण डिनर सेट कंबल गद्दा मिठाई एवं सूखे मेवे सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई।

कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों बांसी मिठवल खेसरहा एवं नगरीय क्षेत्र बांसी के जोड़े शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि अधिकारीगण एवं वर वधू के परिजन उपस्थित रहे।

यह आयोजन सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देते हुए जनपद में उत्सव के रूप में संपन्न हुआ।

रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *