सिद्धार्थनगर :
मौनी अमावस्या स्नान एवं मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद ने बांसी कस्बे स्थित राप्ती नदी स्नान घाट एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 17/18 जनवरी की रात्रि में किया गया जिसमें उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्था का जायजा लेते हुए सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौनी अमावस्या स्नान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी स्नान घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी भी मेला एवं घाट क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस प्रशासन द्वारा जनपद के सभी प्रमुख स्नान घाटों पर लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जिससे स्नान पर्व को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराया जा सके।
रिपोर्टर : अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
