सिद्धार्थनगर 8 मार्च 2026 :
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का जनपद सिद्धार्थनगर के अम्बेडकर सभागार में लाइव प्रसारण देखा गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदंम्बिका पाल माननीय विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही माननीय विधायक डुमरियागंज श्रीमती सैय्यदा खातून जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीतल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री दीपक मौर्य पूर्व विधायक इटवा श्री सतीश द्विवेदी जिलाधिकारी श्री शिव शरणप्पा जी.एन. मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने महिला लाभार्थियों से संवाद करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से बालिकाओं को स्नातक स्तर तक शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे शिक्षित होकर देश के विकास में योगदान दे सकें। मेधावी बेटियों को स्मार्ट फोन एवं टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है तथा मिशन शक्ति अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। साथ ही राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान माननीय सांसद डुमरियागंज श्री जगदंम्बिका पाल का जिलाधिकारी द्वारा बुके देकर स्वागत किया गया जबकि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा माननीय विधायक कपिलवस्तु, माननीय विधायक डुमरियागंज जिला पंचायत अध्यक्ष पूर्व विधायक इटवा एवं जिलाध्यक्ष भाजपा का बुके देकर स्वागत किया गया। माननीय सांसद श्री जगदंम्बिका पाल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के जनधन खाते खोलकर विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजा जा रहा है।माननीय विधायक कपिलवस्तु श्री श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिला है। माननीय विधायक डुमरियागंज श्रीमती सैय्यदा खातून ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं के कार्यों की सराहना की।जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शीतल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को अवसर प्रदान किया जा रहा है तथा महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद की 6 नव चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही चिकित्सा विभाग की उत्कृष्ट डॉक्टरों, पुलिस विभाग की महिला आरक्षियों पंचायती राज विभाग की ग्राम विकास अधिकारियों बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं खेल क्षेत्र की खिलाड़ियों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम सिंह ने सभी जन प्रतिनिधियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह समस्त सीडीपीओ कर्मचारीगण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
