महराजगंज, : आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बृजमनगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आद्रवन लेहड़ा देवी मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा संबंधी तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने मंदिर के पुजारियों से संवाद कर पूजापाठ एवं दर्शन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने मंदिर समिति एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने रूट प्लान, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मंदिर परिसर में विद्युत प्रकाश, चिकित्सा सुविधाएं, बैरिकेडिंग, पंडाल और विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और कंट्रोल रूम के संचालन पर भी जोर दिया गया। श्रद्धालुओं के लिए सुगम पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ दर्शन कर सकें और नवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण व सफलतापूर्वक संपन्न हो। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेंद्र चौबे लाइव24इंडिया न्यूज महाराजगंज
