सिद्धार्थनगर 4 नवम्बर 2025 :
थाना मोहाना क्षेत्रन्तर्गत दिनांक 22/23 अक्टूबर 2025 की रात्रि को लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई घटना जिसमें चार पुलिसकर्मियों पर मारपीट एवं अव्यवस्था फैलाने का आरोप लगा था उस प्रकरण में पुलिस विभाग ने कठोर कार्रवाई करते हुए सभी चारों पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने एक वीडियो बाइट जारी करते हुए कहा —
> थाना मोहाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान घटित घटना की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की गई। जांच में संलिप्त पाए गए चार पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा चाहे वह पुलिस का ही सदस्य क्यों न हो।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस विभाग की शुचिता और अनुशासन सर्वोपरि है और इस प्रकार की घटनाओं में लिप्त किसी भी कर्मी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी आयोजन या पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं।
