कराची: पाकिस्तान के कराची में रविवार शाम 3.6 तीव्रता के भूकंप ने मलीर जेल की दीवारों को कमजोर कर दिया, जिसका फायदा उठाकर 216 कैदी फरार हो गए। भूकंप के बाद जेल में अफरा-तफरी मच गई, जिसके चलते कैदियों ने जेल कर्मचारियों पर हमला कर दिया और भागने में कामयाब रहे।
जेल में हंगामा और गोलीबारी
DIG मोहम्मद हसन सेहतो के अनुसार, भूकंप के बाद कैदी बैरकों से बाहर निकल आए और जेल के गेट तोड़ दिए। कैदियों ने जेल कर्मचारियों से हथियार छीन लिए, जिसके बाद पुलिस और कैदियों के बीच गोलीबारी हुई। इस दौरान एक कैदी घायल हो गया। जेल अधीक्षक अरशद हुसैन ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना को बुलाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और अब तक 80 से ज्यादा कैदियों को दोबारा पकड़ लिया गया है। बाकी फरार कैदियों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। भूकंप का केंद्र क्वैदाबाद इलाके में 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसके बाद से कराची में 16 बार हल्के झटके महसूस किए गए हैं।
भूकंप का असर
पाकिस्तान मौसम विभाग के मुताबिक, लांधी फॉल्ट रीजन की वजह से ये झटके आए, लेकिन किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, इस भूकंप ने मलीर जेल की कमजोर संरचना को उजागर कर दिया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
