सिद्धार्थनगर 23 फरवरी 2026: जनगणना 2027 की तैयारियों के संबंध में सिद्धार्थ सभागार में जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश से नियुक्त नोडल अधिकारी नागेन्द्र यादव ने बताया कि जनगणना 2027 भारत की 16 वीं तथा आजादी के बाद 8वीं जनगणना होगी। यह विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्ययोजना है और गांव वार्ड व शहर स्तर पर आधिकारिक आंकड़ों का प्रमुख स्रोत है।उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 24 से 27 फरवरी 2026 तक फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण 31 मार्च 2026 तक तथा प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति 31 मार्च 2026 तक और उनका प्रशिक्षण 15 मई 2026 तक पूर्ण किया जाएगा।
जनगणना का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 22 मई से 20 जून 2026 तक उत्तर प्रदेश में संपन्न होगा जबकि स्व-गणना की अवधि 7 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित है। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी। बैठक में बताया गया कि मकान सूचीकरण ब्लॉक डेटा संग्रह की प्राथमिक इकाई होगी जिससे बिना किसी चूक या दोहराव के स्पष्ट फ्रेम तैयार किया जाएगा। राजस्व ग्राम वार्ड तथा विशिष्ट चार्ज क्षेत्रों रक्षा सेवा अर्धसैनिक बल आदि के लिए विशेष प्रभारी अधिकारी नामित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिक्षा राजस्व पंचायतीराज एवं ग्राम विकास विभाग से संबंधित कर्मचारियों का विवरण निर्वाचन की भांति निर्धारित प्रारूप में तैयार कर सी एम एम एस पोर्टल पर अपलोड किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा गौरव श्रीवास्तव समस्त उपजिलाधिकारी तहसीलदार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
