सिद्धार्थनगर 20 फरवरी 2026: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना शोहरतगढ़ में ग्राम चौकीदारों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के आदेशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मंयक द्विवेदी ने प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार की उपस्थिति में गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी के दौरान क्षेत्राधिकारी ने ग्राम चौकीदारों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने गांवों में सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह असामाजिक तत्वों की गतिविधि या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना की तत्काल जानकारी थाना स्तर पर दें।
इसके अतिरिक्त होलिका दहन स्थलों का पूर्व सत्यापन संवेदनशील स्थानों की निगरानी डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग में निर्धारित नियमों का पालन तथा ग्राम स्तर पर जनसंपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने सभी चौकीदारों से अपील की कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें जिससे होली का त्योहार शांति सद्भाव और सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
