सिद्धार्थनगर:
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज़ादी का पर्व केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित न रहे बल्कि यह संकल्प लेने का भी अवसर है कि हम अपने घर मोहल्ले और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाएँ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक को इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम प्रधानों नगर निकायों के अध्यक्षों सफाई कर्मचारियों और समाजसेवियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाएं और सुनिश्चित करें कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर गली सड़क और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ और सुसज्जित रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है वहीं स्वच्छता अभियान हमारे परिवेश और स्वास्थ्य को सुरक्षित रखता है। दोनों मिलकर ही स्वतंत्रता का सही अर्थ पूरा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों शिक्षण संस्थाओं और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से भी अपील की कि वे तिरंगा फहराने के साथ-साथ स्वच्छता को प्राथमिकता दें
ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और सशक्त भारत का निर्माण हो सके।
