गोरखपुर गोंडा लूप लाइन का सामरिक व सामाजिक महत्व सांसद बृज लाल ने संसद में उठाई सुपरफास्ट ट्रेनों की मांग

सिद्धार्थनगर 18 दिसम्बर 2025 :

गोरखपुर गोंडा लूप लाइन के सामरिक सामाजिक एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व को लेकर राज्यसभा सांसद व उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक Ex-DGP बृज लाल IPS Retd. ने राज्यसभा में जोरदार ढंग से आवाज उठाई है।

दिनांक 18 दिसम्बर 2025 को राज्यसभा में उन्होंने इस महत्वपूर्ण रेलवे मार्ग पर ट्रेनों की अत्यधिक कमी को गंभीर विषय बताया।

सांसद बृज लाल ने कहा कि गोरखपुर आनंदनगर सिद्धार्थनगर शोहरतगढ़ भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की कर्मस्थली बलरामपुर गोंडा लखनऊ होते हुए दिल्ली जाने वाली यह लूप लाइन केवल एक यात्री मार्ग नहीं बल्कि सामरिक और अंतरराष्ट्रीय संपर्क का प्रमुख जरिया है।

उन्होंने बताया कि इस रूट से पूर्वांचल के गोरखपुर महाराजगंज सिद्धार्थनगर बलरामपुर गोंडा श्रावस्ती बहराइच सहित नेपाल के हजारों लोग प्रतिदिन यात्रा करते हैं। भारत और नेपाल के बीच रोटी बेटी का ऐतिहासिक संबंध है और नेपाल के लाखों नागरिक भारत में विभिन्न सेवाओं में कार्यरत हैं, जिनका आवागमन मुख्यतः इसी रेलवे लाइन पर निर्भर है।

सांसद बृज लाल ने विशेष रूप से कहा कि भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट के जवान और उनके परिवार भी इसी लूप लाइन से यात्रा करते हैं जिससे इस मार्ग का सामरिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

उन्होंने चिंता जताई कि इतनी महत्वपूर्ण रेलवे लाइन पर वर्तमान में केवल ट्रेन संख्या 12571 हमसफ़र एक्सप्रेस ही सुपरफास्ट श्रेणी में संचालित हो रही है वह भी सप्ताह में मात्र चार दिन।

राज्यसभा सांसद ने स्पष्ट मांग करते हुए कहा

ट्रेन संख्या 12571 हमसफ़र एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाया जाए।

इसके अतिरिक्त इस लूप लाइन पर एक और सुपरफास्ट ट्रेन शीघ्र प्रारंभ की जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

सांसद बृज लाल ने कहा कि यदि इस मार्ग पर ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ाई गई तो यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा

रिपोर्टर – अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *