सिद्धार्थनगर 24 फरवरी 2026 : होली पवित्र माह रमजान एवं ईद के त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संजीव त्यागी डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र ने की। बैठक में जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन अपर जिलाधिकारी वि/रा गौरव श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीआईजी ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी सदस्यों से फीडबैक प्राप्त कर अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। सभी सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि होली व ईद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। नगर पालिका एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपील की कि जिसे रंग खेलना पसंद न हो उसे रंग न लगाया जाए हुड़दंग व छेड़छाड़ जैसी घटनाएं न हों डीजे मानक के अनुरूप बजाए जाएं तथा कोई नई परंपरा न शुरू की जाए।
होली के दिन शराब की दुकानें बंद रहेंगी और विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखी जाएगी। डीआईजी ने निर्देशित किया कि होली जुलूसों के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा होलिका दहन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जुलूस निकलते हैं वहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में जनप्रतिनिधियों क्षेत्राधिकारियों समस्त थानाध्यक्षों एवं पीस कमेटी सदस्यों ने त्योहारों को पारंपरिक ढंग से मिलजुल कर मनाने का संकल्प दोहराया। अंत में डीआईजी ने जनपदवासियों को होली रमजान एवं ईद की शुभकामनाएं देते हुए शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विश्वास दिलाया कि जनपद में सभी त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे।
रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर
