साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पलटी स्कूल बस कई बच्चे घायल

शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के तुलसीयापुर मदरहिया गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण एक सड़क हादसा हो गया। साइकिल सवार बच्चों को बचाने के प्रयास में दर्सगाह जामिया अकरहरा की स्कूल बस और एक मैजिक वैन अनियंत्रित होकर पलट गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घने कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान अचानक सामने साइकिल सवार दो बच्चे आ गए जिन्हें बचाने के प्रयास में मदरसे की स्कूल बस सड़क पर पलट गई जबकि सामने से आ रही मैजिक वैन सड़क किनारे जाकर पलट गई।

हादसे के समय स्कूल बस में कुल 21 बच्चे सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और ढेबरूआ पुलिस की मदद से सभी घायलों को बढ़नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 6 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया जबकि अन्य बच्चों को उपचार के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए घायलों में 8 वर्षीय सोमेश्वर प्रसाद 21 वर्षीय सयमा 14 वर्षीय आदिना 16 वर्षीय अजिमा 16 वर्षीय मुबासरा तथा 13 वर्षीय सौहदा शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं उप जिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ के अधीक्षक बढ़नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. एस.के. चौधरी ढेबरूआ थानाध्यक्ष शिव नारायण लाल श्रीवास्तव सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

रिपोर्टर: अर्जुन अग्रहरि लाइव 24 इंडिया न्यूज़ सिद्धार्थनगर

Share in Your Feed

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *